सरायकेला: खेल प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं में फुटबॉल के प्रति उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से सरायकेला के बिरसा मुंडा स्टेडियम में शनिवार से दो दिवसीय ‘लाख टकिया चंपई कप’ फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज होगा. प्रतियोगिता में कुल 40 टीमें मैदान में उतरेंगी. पुरुष, 40 प्लस पुरुष और महिला वर्ग में मुकाबले खेले जाएंगे.


पुरुष वर्ग की विजेता टीम को 1.50 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा. वहीं 40 प्लस पुरुष वर्ग के विजेता को 50 हजार रुपये तथा महिला वर्ग की विजेता टीम को 15 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी.
प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा करेंगे. वहीं 1 नवंबर को आयोजित समापन समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान करेंगे. समापन के अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा.
गांव की प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच: सोनाराम बोदरा
जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि चंपई कप महज फुटबॉल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और आगे बढ़ने का अवसर देने का मंच है. कोल्हान में फुटबॉल के प्रति विशेष लगाव है और गांव-गांव में प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं, जिन्हें बेहतर मंच और प्रोत्साहन की जरूरत है.
उन्होंने कहा कि पुरुषों के साथ 40 प्लस और महिला वर्ग को प्रतियोगिता में शामिल करने का उद्देश्य हर आयु और वर्ग के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना है. उन्होंने खेल प्रेमियों से बड़ी संख्या में बिरसा मुंडा स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की.
इधर शुक्रवार को सोनाराम बोदरा ने पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन से मुलाकात कर उन्हें समापन समारोह में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया. आयोजन समिति की ओर से प्रतियोगिता को भव्य और यादगार बनाने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं.
प्रमोद सिंह (संपादक)

