जामताड़ा: जिला अंतर्गत नारायणपुर थाना क्षेत्र के नौहथिया गांव में गुरुवार की रात करीब नौ बजे एक ऐसी खौफनाक वारदात हुई, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया. आरोप है कि घरेलू विवाद के बाद एक पति ने पहले अपनी पत्नी पर बिजली का करंट लगाकर हमला किया और फिर टांगी से वार कर उसकी हत्या कर दी. पत्नी की जान लेने के बाद आरोपी ने चाकू से अपने ही गले पर वार कर खुद को भी लहूलुहान कर लिया. घटना में मृतका की पहचान बसंती देवी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति मनोज रजवार बताया गया है.


रात के खाने के बाद शुरू हुआ विवाद, फिर खूनी खेल
मिली जानकारी के अनुसार, मनोज रजवार गुरुवार सुबह करीब 10 बजे एक रिश्तेदार के घर से वापस लौटा था. दिन सामान्य तरीके से बीता, लेकिन रात में खाना खाने के बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि गुस्से में मनोज ने पहले पत्नी पर बिजली के करंट से हमला किया. इसके बाद टांगी उठाकर उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिया. हमले में बसंती देवी की मौत हो गई.
पत्नी की हत्या के बाद खुद पर भी किया हमला
वारदात को अंजाम देने के बाद मनोज ने चाकू से अपने ही गले पर वार कर लिया. वह गंभीर रूप से घायल हो गया. एक ही घर में पत्नी की मौत और पति के लहूलुहान हालत में मिलने की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं.
पुलिस जांच में जुटी, विवाद की वजह अब भी पहेली
घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन शुरू की. पुलिस घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है. घरेलू विवाद आखिर किस बात को लेकर हुआ और वारदात की पूरी कड़ी क्या थी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. फिलहाल इस घटना ने नौहथिया गांव में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

