जामताड़ा/ Manish Baranwal रविवार को हनुमान सेवा मंडल महिला की ओर से भव्य हनुमान निशान यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी देखने को मिली. पूरा शहर जयकारों और भक्ति गीतों से गूंज उठा. हनुमान सेवा मंडल महिला द्वारा आयोजित इस यात्रा की शुरुआत हनुमान मंदिर परिसर से विधिवत पूजा- अर्चना के साथ हुई. ढोल- नगाड़ों और भक्ति संगीत के बीच यात्रा सुभाष चौक, टावर चौक, स्टेशन रोड और इंदिरा चौक सहित विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी.

मार्ग में जगह- जगह स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया. महिलाएं हाथों में निशान लेकर नृत्य और भक्ति में लीन नजर आईं, जिससे पूरे शहर में आध्यात्मिक माहौल बन गया.
यात्रा का समापन आशीर्वाद मैरिज हॉल में किया गया. इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता, समाजसेवी तरुण गुप्ता और चैंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष संजय अग्रवाल भी शामिल हुए. यात्रा के बाद शाम 4 बजे से आशीर्वाद मैरिज हॉल में हनुमान चरित्र कथा का शुभारंभ किया गया. यह कथा प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक आयोजित की जाएगी और 2 अप्रैल तक चलेगी. कथा वाचन पंडित उमेश शास्त्री द्वारा किया जा रहा है.
पूरे आयोजन में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी, अनुशासित व्यवस्था और भक्तिमय वातावरण ने जामताड़ा में धार्मिक उत्साह का नया माहौल बना दिया है.

