पलामू: जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के भिखही गांव में शराब पीने के बाद हुए विवाद में एक ससुर पर अपने दामाद की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या करने का आरोप लगा है. घटना के बाद मृतक का शव गांव के समीप मकई के खेत से बरामद किया गया. वारदात की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई.


मृतक की पहचान 40 वर्षीय गांधी भुइयां के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, हत्या का आरोप उसके ससुर जगदेव भुइयां पर है. घटना की पुष्टि छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ कुमार ने की है.
पुलिस के मुताबिक, बीती रात गांधी भुइयां और उसके ससुर जगदेव भुइयां एक साथ शराब पीने गए थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद जगदेव भुइयां ने कुल्हाड़ी से गांधी भुइयां पर हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई.
घटना के बाद गांधी भुइयां का शव मकई के खेत में पड़ा मिला. सूचना मिलने पर छतरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है.
छतरपुर थाना प्रभारी ने बताया कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. पुलिस आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी है.

