राजनगर: प्रखंड के कुनाबेड़ा के समीप टुईबासा स्थित ग्लोबल ब्रिक्स कंपनी परिसर में गुरुवार को पहली बार भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ की गई. विश्वकर्मा पूजा को लेकर कंपनी के कर्मचारियों, मजदूरों और आसपास के ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया.


विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर कंपनी परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था. पंडितों ने विधि-विधान के साथ भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कराई. इस दौरान कंपनी के कर्मचारियों और मजदूरों ने भगवान विश्वकर्मा से कंपनी की प्रगति, सुख-समृद्धि, सुरक्षित कार्य वातावरण और सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
पूजा समारोह में आसपास के ग्रामीणों की भी सहभागिता रही. ग्रामीणों और कंपनी कर्मियों की मौजूदगी से पूरे परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा. दिनभर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा.
कंपनी के प्रबंधक अमन कुंतिया ने कहा कि ग्लोबल ब्रिक्स के लिए यह पहला विश्वकर्मा पूजा समारोह है. पहली ही पूजा में कर्मचारियों, मजदूरों और स्थानीय ग्रामीणों से मिले सहयोग और उत्साह से कंपनी प्रबंधन काफी उत्साहित है. उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के सहयोग से कंपनी और उसके उत्पादों को लेकर सकारात्मक वातावरण तैयार हुआ है.
उन्होंने कहा कि कंपनी प्रबंधन आगे भी स्थानीय ग्रामीणों के साथ बेहतर तालमेल और सहयोग के साथ कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है. पूजा समारोह के दौरान पूरे कंपनी परिसर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा.
रिपोर्ट : रासबिहारी मंडल

