रांची: झारखंड में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक नई परियोजना की शुरुआत हुई है. गुरुवार को मदन मोहन मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के निर्माण को लेकर रांची- टाटा मार्ग पर भूमि पूजन समारोह आयोजित किया गया. समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, झारखंड विधानसभा के सदस्य राजेश कच्छप समेत शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.


मदन मोहन मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, सितवांतो देवी महिला कल्याण समिति की एक इकाई के रूप में स्थापित किया जा रहा है. समूह के चेयरमैन मदन मोहन सिंह के निर्देशन में प्रस्तावित इस परियोजना के माध्यम से रांची में मेडिकल कॉलेज के साथ आधुनिक अस्पताल विकसित करने की योजना है.
शिक्षा से स्वास्थ्य क्षेत्र तक समूह का विस्तार
उल्लेखनीय है कि समूह पहले से झारखंड और बिहार में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में विभिन्न संस्थानों का संचालन कर रहा है. जमशेदपुर में नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी के अलावा पटना में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, इंजीनियरिंग कॉलेज और डिप्लोमा कॉलेज संचालित हैं. सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर में भी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल संचालित किया जा रहा है. इसके अतिरिक्त बिहार और झारखंड में समूह से जुड़े करीब एक दर्जन स्कूल संचालित हो रही है.

इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए अब रांची में मदन मोहन मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल की परियोजना शुरू की गई है. भूमि पूजन के साथ निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत का रास्ता साफ हुआ है.
अगले साल अस्पताल शुरू करने का लक्ष्य
प्रबंधन का दावा है कि निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करते हुए अगले वर्ष अस्पताल को ऑपरेशनल मोड में लाने का लक्ष्य रखा गया है. अस्पताल शुरू होने के बाद रांची और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है. वहीं मेडिकल कॉलेज के संचालन के लिए संबंधित नियामक संस्थाओं से आवश्यक अनुमति एवं निर्धारित मानकों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चिकित्सा शिक्षा की दिशा में भी आगे बढ़ने की योजना है.
रांची को स्वास्थ्य और मेडिकल एजुकेशन का नया केंद्र बनाने की तैयारी
समूह के चेयरमैन मदन मोहन सिंह के नेतृत्व में संस्थान का फोकस चिकित्सा शिक्षा के साथ अस्पताल आधारित स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करने पर रहेगा. प्रबंधन के मुताबिक परियोजना को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और मेडिकल एजुकेशन की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया जाएगा.

भूमि पूजन समारोह के दौरान उपस्थित अतिथियों और गणमान्य लोगों ने परियोजना की शुरुआत पर शुभकामनाएं दीं. प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि अस्पताल के शुरू होने से रांची के साथ आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा बढ़ेगा और भविष्य में मेडिकल शिक्षा के लिए भी एक नया विकल्प उपलब्ध होगा.

भूमि पूजन के साथ फिलहाल परियोजना का पहला चरण शुरू हुआ है. अस्पताल के अगले वर्ष शुरू होने का दावा प्रबंधन ने किया है, जबकि मेडिकल कॉलेज का संचालन संबंधित वैधानिक एवं नियामकीय स्वीकृतियों के अधीन होगा.

