सरायकेला: भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम में अंडर-14 बालक फुटबॉल चयन-सह-ट्रायल कैंप में जिले की उभरती फुटबॉल प्रतिभाओं का दमखम देखने को मिला. झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान और सरायकेला-खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित कैंप में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 89 बाल खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया.


राज्य स्तरीय टीम में जगह बनाने की उम्मीद लेकर मैदान में उतरे खिलाड़ियों ने अपनी तकनीक, फिटनेस और खेल कौशल का प्रदर्शन किया. कैंप का उद्घाटन जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव मोहम्मद दिलदार एवं पिनाकी रंजन ने संयुक्त रूप से किया.
चयनकर्ताओं की हर खिलाड़ी पर रही नजर
ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों की फुटबॉल तकनीक, शारीरिक क्षमता, मैदान पर प्रदर्शन और टीम भावना को बारीकी से परखा गया. झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन की ओर से चयनकर्ता अविनाश टोप्पो और बाबूराम मुंडा ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन किया. कैंप में केवल उन्हीं खिलाड़ियों को शामिल किया गया, जिनका पंजीकरण ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) में हो चुका है.
जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव मोहम्मद दिलदार ने खिलाड़ियों को फुटबॉल की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि अनुशासन, नियमित अभ्यास और मेहनत के जरिए खिलाड़ी खेल के क्षेत्र में बेहतर मुकाम हासिल कर सकते हैं.
आयोजकों के अनुसार ऐसे चयन शिविर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की उभरती प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का मंच उपलब्ध कराते हैं. साथ ही जिले से बेहतर खिलाड़ियों को आगे की प्रतिस्पर्धाओं तक पहुंचने का अवसर मिलता है. कैंप में आवासीय फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षक बलराम महतो, संजय सुंडी, दिकू हेंब्रम और भूटान स्वासी सहित कई प्रशिक्षक एवं खेल से जुड़े सदस्य मौजूद रहे.
प्रमोद सिंह (संपादक)

