जामताड़ा: रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर, ओवर हेड इक्विपमेंट (OHE) ट्रेक्शन विभाग में गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा की पूजा श्रद्धा और उत्साह के साथ की गई. रेलवे के तकनीकी कार्यों से जुड़े कर्मियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि और कार्यस्थल पर सुरक्षा की कामना की. आयोजन में रेलकर्मियों के साथ उनके परिजन भी शामिल हुए.


ट्रेक्शन विभाग में विश्वकर्मा पूजा की यह परंपरा वर्ष 1996 से लगातार चली आ रही है. करीब तीन दशक पुरानी इस परंपरा को रेलकर्मी आज भी उसी उत्साह के साथ निभा रहे हैं. इस अवसर पर विभागीय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया. पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया.
बच्चों ने रंगों में उतारी अपनी कल्पना
विश्वकर्मा पूजा को खास बनाने के लिए रेलकर्मियों के बच्चों के बीच चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित की गई. बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और चित्रकारी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक चित्र बनाए. इस दौरान रेलकर्मी और परिजन बच्चों का उत्साह बढ़ाते नजर आए. प्रतियोगिता के बाद चित्रों का मूल्यांकन किया गया और बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.
रेलकर्मियों ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी
पूजा की तैयारियों से लेकर अन्य व्यवस्थाओं तक ट्रेक्शन विभाग के कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई. रेलकर्मियों ने बताया कि तकनीक, निर्माण और शिल्प के देवता माने जाने वाले भगवान विश्वकर्मा की पूजा का रेलवे के तकनीकी विभागों में विशेष महत्व है. ऐसे आयोजन कर्मियों और उनके परिवारों को एक साथ जुड़ने का अवसर भी प्रदान करते हैं.

मौके पर सेक्शन इंजीनियर सुजीत कुमार मंडल, असिस्टेंट इंजीनियर रविंद्र मुर्मू, कृष्णा राम, किस्कू, उपेंद्र कुमार, संतोष कुमार, रवि, प्रत्यूष कुमार सहित बड़ी संख्या में रेलकर्मी मौजूद रहे. पूजा के बाद सभी ने एक-दूसरे को विश्वकर्मा पूजा की शुभकामनाएं दीं.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

