सरायकेला: जिले के आदित्यपुर, गम्हरिया, कांड्रा समेत आसपास का औद्योगिक क्षेत्र गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा की भक्ति में डूबा नजर आया. सृष्टि के शिल्पकार और वास्तुकार माने जाने वाले भगवान विश्वकर्मा की पूजा श्रद्धा और उल्लास के साथ की गई. औद्योगिक इकाइयों से लेकर गैरेज, वर्कशॉप और वाहन स्टैंड तक विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया.


क्षेत्र की प्रमुख औद्योगिक इकाइयों में टाटा स्टील गम्हरिया, प्रधान कंस्ट्रक्शन समेत अन्य प्रतिष्ठानों में भगवान विश्वकर्मा की पूजा कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की गई. मशीनों और औजारों की भी विधिवत पूजा की गई.
प्रधान कंस्ट्रक्शन में हवन-यज्ञ
प्रधान कंस्ट्रक्शन में देवचरण प्रधान, अमरजीत महाकुड, निशाकर महाकुड, सिद्धांत गोप और विशाल गौड समेत अन्य लोगों ने पूजा-अर्चना की. पुजारी एके सत्पथी ने विधि-विधान से पूजा, हवन और यज्ञ संपन्न कराया.
इसके अलावा क्षेत्र के ऑटो स्टैंड, बस स्टैंड, वर्कशॉप और गैरेज समेत जगह-जगह आकर्षक पंडाल बनाकर भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं. विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में पूजा के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है.
विश्वकर्मा पूजा को लेकर पूरे औद्योगिक क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल है. विभिन्न पूजा पंडालों में दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है. सड़कों पर भी श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों की चहल-पहल देखी जा रही है.

