रांची: खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक 2026 के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने आगामी 19 सितंबर को राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर एकदिवसीय धरना आयोजित करने का निर्णय लिया है. पार्टी के महासचिव विनोद कुमार पाण्डेय ने इस संबंध में जिला एवं महानगर इकाइयों के पदाधिकारियों को कार्यालय आदेश जारी कर कार्यक्रम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.


पार्टी के अनुसार, इससे पहले 7 सितंबर को राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर धरना प्रस्तावित था. लेकिन 6 सितंबर को पार्टी के केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य सह झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन के कारण कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था. अब पार्टी ने धरना- प्रदर्शन की नई तारीख 19 सितंबर 2026, शनिवार निर्धारित की है.
झामुमो ने आरोप लगाया है कि खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक 2026 से झारखंड और यहां के लोगों को आर्थिक नुकसान होगा. पार्टी ने केंद्र सरकार पर झारखंड की बकाया राशि को हड़पने की साजिश का भी आरोप लगाया है. इन्हीं मुद्दों को लेकर सभी प्रखंड मुख्यालयों पर पार्टी कार्यकर्ता धरना देंगे.
महासचिव विनोद कुमार पाण्डेय की ओर से जारी आदेश में जिला अध्यक्ष, जिला सचिव, जिला संयोजक प्रमुख, महानगर अध्यक्ष, महानगर सचिव एवं महानगर संयोजकों को कार्यक्रम की तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया है. पार्टी की केंद्रीय समिति के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों तक भी कार्यक्रम की सूचना पहुंचाने का निर्देश दिया गया है, ताकि उनकी सहभागिता सुनिश्चित हो सके. झामुमो ने कहा है कि आंदोलन के अगले चरण के कार्यक्रमों की जानकारी अलग कार्यालय आदेश के माध्यम से जारी की जाएगी.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

