जामताड़ा: मिहिजाम थाना क्षेत्र के पियालसोला गांव की 19 वर्षीय नेहा प्रवीण ने अंतर्जातीय विवाह के बाद उत्पन्न विवाद के बीच अपने पति कृष्णा मंडल और ससुराल पक्ष के लोगों की सुरक्षा की गुहार लगाई है. मंगलवार को नवविवाहिता ने जामताड़ा उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर आरोप लगाया कि उसके मायके पक्ष के लोगों द्वारा पति के माता-पिता, भाई और अन्य रिश्तेदारों को कथित रूप से धमकी दी जा रही है तथा झूठे मुकदमे में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है.


आवेदन में नेहा ने बताया कि उसने तीन सितंबर 2026 को शाम करीब चार बजे बेवा गांव निवासी कृष्णा मंडल (22) के साथ अपनी इच्छा से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह किया. उसने कहा कि वह कृष्णा से पिछले कई वर्षों से प्रेम करती थी, लेकिन उसके माता-पिता और रिश्तेदार इस रिश्ते के विरोध में थे. परिवार की असहमति के बावजूद उसने अपनी इच्छा से विवाह करने का निर्णय लिया. नेहा ने प्रशासन को दिए आवेदन में स्पष्ट किया है कि विवाह में उसके पति कृष्णा मंडल, उसके पिता बादल मंडल अथवा परिवार के किसी अन्य सदस्य की कोई गलती नहीं है. उसने खुद को बालिग बताते हुए कहा कि उसने बिना किसी दबाव, प्रलोभन या भय के अपनी इच्छा से विवाह किया है.
जाति की दीवार के बाद बढ़ा विवाद
मामले ने एक बार फिर अंतर्जातीय विवाह को लेकर समाज में मौजूद जातिगत सोच और पारिवारिक विरोध के सवाल को सामने ला दिया है. प्रेम और विवाह का व्यक्तिगत निर्णय जब परिवार और सामाजिक मान्यताओं से टकराता है, तो कई बार विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती है. इस मामले में भी विवाह के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ने का आरोप लगाया गया है. नवविवाहिता ने आशंका जताई है कि उसके पति और ससुराल पक्ष के लोगों को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा सकता है. उसने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए पति और ससुरालवालों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार के दबाव, धमकी या प्रताड़ना से बचाने की मांग की है. नेहा ने अपने आवेदन की जानकारी पुलिस प्रशासन के साथ पत्रकारों और आम लोगों को भी दी है. अब प्रशासन के समक्ष चुनौती यह है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोनों पक्षों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखी जाए और किसी भी पक्ष के साथ अन्याय न हो.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

