जामताड़ा: जिले के करमाटाड़ प्रखंड क्षेत्र के फोफनाद गांव में दो बाइकों की आमने- सामने हुई जोरदार टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे में फोफनाद निवासी राकेश मंडल को गंभीर चोटें आईं. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा- तफरी का माहौल बन गया.


घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय समाजसेवी महेंद्र कुमार मंडल ने तत्परता दिखाते हुए अपने निजी वाहन से घायल राकेश मंडल को इलाज के लिए जामताड़ा स्थित पारस हॉस्पिटल पहुंचाया. समय पर अस्पताल पहुंचने के कारण घायल को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सकी.
अस्पताल में घायल को भर्ती कराए जाने के कुछ ही देर बाद उनके परिजन भी वहां पहुंच गए. परिजनों ने चिकित्सकों से बातचीत कर राकेश मंडल के स्वास्थ्य की जानकारी ली. चिकित्सकों के अनुसार, घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाए जाने और तत्काल उपचार मिलने से उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर है. फिलहाल राकेश मंडल की हालत स्थिर बताई जा रही है और स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है.
घायल को अस्पताल पहुंचाने में उमेश मंडल (सीनरजोड़ी), उज्ज्वल दास (सुगापहाड़ी) समेत अन्य ग्रामीणों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. ग्रामीणों की तत्परता और मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की. हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

