सरायकेला: खरसावां थाना क्षेत्र के शिमला पंचायत अंतर्गत पोड़ाडीह गांव में मेसो विभाग से कराए जा रहे सरकारी भवन (धुमकुड़िया भवन) निर्माण के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया. छड़ काटने के दौरान करंट की चपेट में आने से मजदूर बनमाली नायक की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद ठेकेदार द्वारा मजदूर को सदर अस्पताल पहुंचाकर वहां से चले जाने का आरोप सामने आया है. इससे मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश है.


बताया जा रहा है कि बनमाली नायक निर्माणाधीन भवन में मजदूरी कर रहा था. इसी दौरान छड़ काटते समय वह अचानक बिजली के संपर्क में आ गया. तेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई.
घटना के बाद ठेकेदार बनमाली को लेकर सदर अस्पताल पहुंचा, लेकिन आरोप है कि उसे अस्पताल में छोड़कर वहां से चला गया. घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे. परिजनों ने निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है.
सूचना मिलने पर शिमला के ग्राम प्रधान प्रवीर प्रताप सिंहदेव और केतन महतो भी सदर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घटना पर नाराजगी जताते हुए मृतक के आश्रितों को ठेकेदार की ओर से उचित मुआवजा देने और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की.
फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, निर्माण स्थल पर बिजली एवं श्रमिक सुरक्षा के क्या इंतजाम थे और घटना के लिए किस स्तर पर जिम्मेदारी बनती है, यह जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगा.
प्रमोद सिंह (संपादक)

