कांड्रा: फुटबॉल मैदान में इस वर्ष भी विजयदशमी के अवसर पर भव्य रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम 20 अक्टूबर को शाम 4 बजे से शुरू होगा. आयोजन को लेकर कांड्रा रावण दहन समिति की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को समिति के अध्यक्ष लालबाबू महतो की अध्यक्षता में हुई. बैठक में समिति के पूर्व सदस्यों के अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए.


बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार इस बार भी कांड्रा फुटबॉल मैदान में भव्य रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. आयोजन को सफल बनाने के लिए नई समिति का गठन भी किया गया.
नई समिति में अध्यक्ष लालबाबू महतो, उपाध्यक्ष राम महतो, सचिव दिलीप दे, राजकिशोर महतो और बीरू घटवारी, महासचिव लवकुश प्रसाद, राहुल महतो और दीपक घटवारी, सहसचिव दशरथ रजक, बम्बल दास और राहुल रजक, जबकि कोषाध्यक्ष के रूप में सूरज रजक को जिम्मेदारी दी गई है. इसके अलावा बादल गोराई, विक्की रजक, रवि महतो सहित अन्य लोगों को भी समिति में जिम्मेदारी सौंपी गई है.
समिति के पदाधिकारियों के अनुसार इस वर्ष कांड्रा फुटबॉल मैदान में करीब 80 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा.
विजयदशमी के दिन शाम 4 बजे से कार्यक्रम की शुरुआत होगी. इस दौरान करीब एक घंटे तक भव्य आतिशबाजी भी की जाएगी, जो लोगों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी.
आयोजन समिति के अध्यक्ष लालबाबू महतो और उपाध्यक्ष राम महतो ने बताया कि कांड्रा के ऐतिहासिक रावण दहन कार्यक्रम में हर वर्ष आसपास के दर्जनों गांवों से हजारों लोग पहुंचते हैं. रापचा, डुमरा, हुदु पंचायत सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं के इस वर्ष भी पहुंचने की संभावना है.
समिति के अनुसार कांड्रा में रावण दहन की परंपरा कई दशकों पुरानी है. वर्ष 1951 में ग्लास फैक्टरी के संस्थापक की ओर से रावण दहन कार्यक्रम की शुरुआत की गई थी. फैक्टरी बंद होने के बाद वर्ष 1993 से कांड्रा रावण दहन समिति इस परंपरा को आगे बढ़ा रही है. समिति का कहना है कि ऐतिहासिक आयोजन की भव्यता और परंपरा को आगे भी कायम रखने का प्रयास जारी रहेगा.
रावण दहन के बाद लोगों के मनोरंजन के लिए बूगी-वूगी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. यह कार्यक्रम देर रात तक चलने की बात कही गई है. आयोजन को लेकर समिति की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं.
कार्यक्रम में संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा. पुलिस प्रशासन के साथ समिति के स्वयंसेवक भी व्यवस्था संभालने में सहयोग करेंगे. मैदान और आसपास के प्रमुख स्थानों पर वोलेंटियर्स की तैनाती की जाएगी, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

