जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के पहाड़भांगा में रविवार शाम नहाने के दौरान 20 वर्षीय युवक राजीव कुमार सिंह तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया. राजीव टेल्को थाना क्षेत्र के जेम्को का रहने वाला बताया जा रहा है. घटना के बाद उसके दोस्तों और परिजनों में चिंता का माहौल है.


जानकारी के अनुसार राजीव रविवार को अपने करीब पांच-छह दोस्तों के साथ पहाड़भांगा नहाने गया था. शाम करीब चार बजे नहाने के दौरान अचानक वह पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और बहने लगा. दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में वह उनकी नजरों से ओझल हो गया.
घटना के बाद साथ गए युवकों ने राजीव की तलाश की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका. दोस्तों ने आरोप लगाया है कि घटना की जानकारी देने के बावजूद पुलिस की ओर से अपेक्षित मदद नहीं मिल रही है और तत्काल प्रभावी रेस्क्यू शुरू नहीं किया गया. हालांकि इस आरोप पर पुलिस का पक्ष फिलहाल सामने नहीं आया है. अंधेरा होने के साथ राजीव को लेकर परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है. परिवार और दोस्त उसकी सकुशल बरामदगी की उम्मीद लगाए हुए हैं.

