जामताड़ा: आगामी दुर्गापूजा एवं दीपावली पर्व को लेकर शनिवार को जामताड़ा टाउन थाना परिसर में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वसीम रजा एवं थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो के साथ जिला चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों की बैठक हुई. बैठक में पर्व के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी. चेंबर पदाधिकारियों ने व्यापारियों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों को पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखा.


व्यापारियों ने पर्व के दौरान बाजार क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं बल की तैनाती, भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की. चेंबर सदस्यों ने कहा कि दुर्गापूजा और दीपावली के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं. ऐसे में यातायात नियंत्रण के साथ-साथ चोरी, छिनतई और अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता जरूरी है. इस पर एसडीपीओ वसीम रजा ने व्यापारियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कहा कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से आवश्यक कदम उठाये जायेंगे.
व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस की पहली प्राथमिकता होगी. बाजार एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जायेगा. भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी. एसडीपीओ ने चेंबर पदाधिकारियों से पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने में सहयोग की अपील की. बैठक में जिला चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, नितिन परशुरामका, देव कुमार साव समेत अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद थे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

