चाईबासा: जिले के आनंदपुर प्रखंड के पहाड़डीहा गांव में दो बच्चियों की मलेरिया से संदिग्ध मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है. मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (सीएचओ) और एएनएम को कारण बताओ नोटिस (शोकॉज) जारी किया गया है. दोनों स्वास्थ्यकर्मियों से 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है कि दोनों बच्चियों की मौत किन परिस्थितियों में हुई.



बुधवार को सिविल सर्जन और सदर अस्पताल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट पहाड़डीहा गांव पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. अधिकारियों ने ग्रामीणों से मलेरिया से बचाव के लिए पानी उबालकर पीने, स्वच्छता बनाए रखने, संतुलित खानपान अपनाने तथा मच्छरदानी का नियमित उपयोग करने की अपील की.

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मृतक बच्ची लता किस्कू के परिवार के सभी पांच सदस्य, जिनमें तीन बच्चे शामिल हैं, मलेरिया से संक्रमित हैं. सभी का इलाज मनोहरपुर अस्पताल में चल रहा है.
स्वास्थ्य विभाग ने गांव में मेडिकल कैंप लगाकर व्यापक जांच अभियान चलाया. शिविर में 103 लोगों की मलेरिया जांच की गई, जिसमें दो ग्रामीण मलेरिया संक्रमित पाए गए. संक्रमितों का उपचार शुरू कर दिया गया है.

ग्रामीणों को मच्छरों से बचाव के लिए 75 परिवारों के बीच मच्छरदानियों का वितरण भी किया गया. स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में लगातार निगरानी रख रही है और लोगों से किसी भी प्रकार के बुखार या बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की गई है.





