जमशेदपुर/ Varun Kumar बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के पानीपड़ा- नागुड़साई गांव में सुवर्णरेखा नदी के किनारे संदिग्ध विस्फोटक मिलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. शनिवार को मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय सेना की विशेष टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

जानकारी के अनुसार, पिछले तीन दिनों से नदी किनारे एक भारी धातु जैसी वस्तु देखे जाने की सूचना ग्रामीणों द्वारा दी जा रही थी. धीरे- धीरे यह खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई, जिससे लोगों में भय का माहौल बन गया. कई ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यह द्वितीय विश्व युद्ध के समय का पुराना बम हो सकता है. शनिवार को सेना की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर संदिग्ध वस्तु का निरीक्षण किया. टीम का नेतृत्व कर रहे कैप्टन आयुष कुमार सिंह ने प्रारंभिक जांच के बाद बताया कि यह वस्तु “जिंदा बम” प्रतीत हो रही है और इसमें अभी भी विस्फोट की संभावना बनी हुई है.

उन्होंने कहा कि फिलहाल बम के प्रकार, उसकी स्थिति और मारक क्षमता का विस्तृत अध्ययन किया जा रहा है. जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट सैन्य मुख्यालय को भेजी जाएगी. मुख्यालय से निर्देश मिलने के बाद ही बम को निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. घटना के बाद से ग्रामीणों में डर का माहौल है. लोग घरों से बाहर निकलने में भी सतर्कता बरत रहे हैं. प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और संदिग्ध वस्तु के आसपास का क्षेत्र अस्थायी रूप से प्रतिबंधित कर दिया गया है.
सेना और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी स्थिति में बम के पास न जाएं और न ही उसे छूने की कोशिश करें. अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही स्थिति को नियंत्रित कर लिया जाएगा.

