जमशेदपुर: पवित्र श्रावण मास में भगवान भोलेनाथ की आराधना को समर्पित श्री नीलकंठ महादेव संघ द्वारा आयोजित होने वाली दसवीं भव्य भजन संध्या एवं विशाल महाभंडारा की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ बुधवार को एग्रिको स्थित ट्रांसपोर्ट मैदान में भूमि पूजन के साथ किया गया. आगामी 10 अगस्त को आयोजित होने वाले इस धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है.



वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के बीच भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर आयोजन की सफलता, क्षेत्र की सुख-समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना की गई. भूमि पूजन में संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया.

भूमि पूजन के बाद आयोजित बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई. आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न सदस्यों के बीच जिम्मेदारियों का बंटवारा किया गया. आयोजन समिति ने बताया कि इस वर्ष भी देश के ख्यातिप्राप्त भजन गायक अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को शिवभक्ति में सराबोर करेंगे. आमंत्रित कलाकारों के नामों की घोषणा शीघ्र की जाएगी.
संघ के सदस्य अरविन्द कुमार ने बताया कि कार्यक्रम के उपरांत विशाल महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु महाप्रसाद ग्रहण करेंगे. उन्होंने कहा कि आयोजन को भव्य एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सभी सदस्य पूरी निष्ठा, समर्पण और सेवा भाव से तैयारियों में जुटे हुए हैं. कार्यक्रम की विस्तृत समय-सारिणी भी जल्द जारी की जाएगी.
भूमि पूजन के अवसर पर पंकज कुमार, अरविन्द कुमार, बालकृष्ण प्रसाद, अजीत कुमार, रविशंकर सिंह, विकास कुमार, रणवीर मंडल, मुनीम सिंह, राज सिंह, जयपाल भगत, राजभुवन, सतीश, पिंटू, रणजीत सरकार, अमित सिन्हा, संतोष सिन्हा, राजू सानन, महेंद्र शुक्ला, सुनील, धनंजय मंडल, मनोज कुमार, दिलीप पासवान, जितेंद्र प्रसाद, बिट्टू राय सहित श्री नीलकंठ महादेव संघ के अनेक सदस्य उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय





