
चाईबासा: जिले में अवैध जंगल कटाई के खिलाफ वन विभाग का अभियान लगातार जारी है. इसी कड़ी में आनंदपुर वन विभाग की टीम ने गोइलकेरा प्रखंड के कोतरोगढ़ा गांव में छापेमारी कर लगभग 50 पीस साल लकड़ी के बोटे जब्त किए हैं. जब्त लकड़ियों की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है.


वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि कोतरोगढ़ा क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से अवैध रूप से साल के पेड़ों की कटाई कर लकड़ियों की तस्करी की जा रही है. सूचना मिलते ही विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित स्थान पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में साल की लकड़ियां बरामद की गईं.

जब्त की गई सभी लकड़ियों को आनंदपुर वन प्रमंडल कार्यालय लाया गया है. वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि अवैध कटाई और तस्करी के इस नेटवर्क में किन-किन लोगों की संलिप्तता है.

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि मामले में शामिल दोषियों के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. विभाग ने यह भी कहा कि जंगलों की सुरक्षा और वन संपदा के संरक्षण के लिए आगे भी अवैध कटाई और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक






