रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही सीआईडी ने मंगलवार को जांच का दायरा और तेज कर दिया. आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांगते से आठ घंटे से अधिक समय तक मैराथन पूछताछ की गई. इसी दौरान जांच एजेंसी ने उनका पासपोर्ट भी जब्त कर लिया, ताकि जांच पूरी होने से पहले वे बिना अनुमति देश से बाहर नहीं जा सकें.



सूत्रों के अनुसार, सीआईडी अधिकारियों ने ख्यांगते से उनके कार्यकाल के दौरान हुई भर्ती प्रक्रियाओं, प्रशासनिक निर्णयों, चयन प्रक्रिया और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से पूछताछ की. जांच के दौरान उपलब्ध दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कई अहम सवाल किए गए.
जांच एजेंसी अब एल. ख्यांगते के कार्यकाल में हुई विदेश यात्राओं की भी गहन पड़ताल कर रही है. जानकारी के मुताबिक, अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने कई विदेश दौरे किए थे. सीआईडी इन यात्राओं के उद्देश्य, वित्तीय स्रोत, समय- सारणी और संबंधित दस्तावेजों का मिलान कर यह पता लगाने में जुटी है कि इन दौरों का भर्ती प्रक्रिया या किसी प्रशासनिक निर्णय से कोई संबंध तो नहीं था.
गौरतलब है कि जेपीएससी भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच पहले से ही तेज गति से चल रही है. सीआईडी इस मामले में दस लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है और लगातार दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है. पूर्व अध्यक्ष से लंबी पूछताछ और पासपोर्ट जब्त किए जाने को जांच का अहम कदम माना जा रहा है. सीआईडी ने कल यानी बुधवार को ख्यांगते को फिर पूछताछ के लिए तलब किया है.





