आदित्यपुर: स्थित मेडिट्रीना अस्पताल के आईसीयू (ICU) वार्ड में शुक्रवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा- तफरी मच गई. आग की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और समय रहते सभी मरीजों को सुरक्षित वार्डों में स्थानांतरित कर दिया. त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया.



अस्पताल के स्थानीय प्रमुख राजीव पिल्लई ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. आग लगते ही अस्पताल कर्मियों ने सबसे पहले आईसीयू में भर्ती मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया और अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया.
आग बढ़ने पर झारखंड अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया.
घटना में किसी मरीज, डॉक्टर या अस्पताल कर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है. हालांकि आईसीयू वार्ड में लगे उपकरणों और अन्य संसाधनों को भारी नुकसान पहुंचा है. अस्पताल प्रबंधन के अनुसार आग से लाखों रुपये की संपत्ति क्षतिग्रस्त हुई है.
सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आग लगने के कारणों की विस्तृत पड़ताल कर रही है. फिलहाल अस्पताल में मरीजों का इलाज अन्य वार्डों में जारी है.





