
चांडिल: शहीद निर्मल महतो इंटर कॉलेज, दुमदुमी (नीमडीह) में मंगलवार को जेआईएस फाउंडेशन चांडिल पॉलिटेक्निक कॉलेज के तत्वावधान में प्रतिभा सम्मान सह विदाई समारोह (सत्र 2024-26) एवं नवागंतुक छात्र-छात्राओं के स्वागत समारोह (सत्र 2026-28) का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ईचागढ़ विधायक सविता महतो शामिल हुईं.


समारोह के दौरान वर्ष 2026 की इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को विधायक सविता महतो ने प्रशस्ति पत्र, मेडल, प्रमाणपत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया. वहीं सत्र 2026-28 में 11वीं कक्षा में नामांकित नए छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए उनका परिचय कराया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई.

अपने संबोधन में विधायक सविता महतो ने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता की सबसे मजबूत नींव है. निरंतर परिश्रम, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास के बल पर विद्यार्थी हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकते हैं. उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं.
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश भी दिया गया. समारोह का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के साथ नए छात्रों का आत्मीय स्वागत करना और उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना था.
इस अवसर पर कॉलेज के शासी निकाय के सचिव हरिपद महतो, पूर्व प्राचार्य निर्मल चंद्र महतो, पूर्व प्रभारी प्राचार्य संजीत कुमार महतो, प्रभारी प्राचार्य बलिराम कुमार, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.





