
राजनगर: सरायकेला- खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत गाजीडीह गांव में मंगलवार दोपहर हुई तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान का बैल मौत का शिकार हो गया. इस घटना से किसान को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है. खरीफ खेती के मौसम में बैल की मौत ने किसान के सामने नई मुश्किल खड़ी कर दी है.


जानकारी के अनुसार, किसान वशिष्ठ प्रधान का बैल गोहाल (पशुशाला) में बंधा हुआ था. इसी दौरान तेज गर्जना और बारिश के बीच अचानक वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आने से बैल की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद किसान और उसके परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
ग्रामीणों ने बताया कि मृत बैल किसान की खेती-किसानी का प्रमुख सहारा था. खेती के इस महत्वपूर्ण समय में बैल की मौत से किसान की आजीविका पर सीधा असर पड़ेगा और खेतों में कृषि कार्य करना भी कठिन हो जाएगा.
घटना की सूचना मिलने पर पशुपालन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई. अधिकारियों ने नुकसान का आकलन करते हुए नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया.
पीड़ित किसान वशिष्ठ प्रधान ने जिला प्रशासन से शीघ्र आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि उन्हें हुई क्षति की भरपाई हो सके और खेती का कार्य प्रभावित न हो.
वहीं, ग्रामीणों ने भी प्रशासन से प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को त्वरित राहत राशि उपलब्ध कराने की मांग की है. उनका कहना है कि ऐसे मामलों में समय पर सहायता मिलने से किसानों को बड़ी राहत मिल सकती है और वे दोबारा अपने कृषि कार्य को सुचारु रूप से शुरू कर सकेंगे.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल





