
गुमला: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), रांची की टीम ने मंगलवार को गुमला समाहरणालय परिसर स्थित जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) कार्यालय में बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वत लेने के आरोप में दो लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत रंजीत कुजूर तथा सेवानिवृत्त शिक्षक वत्स रविकांत शामिल हैं.


जानकारी के अनुसार, एसीबी की टीम ने पूर्व से प्राप्त शिकायत के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की. कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया. गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम दोनों को अपने साथ रांची ले गई, जहां उनसे आगे की पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
रांची से आई एसीबी टीम का नेतृत्व कर रहे डीएसपी ने बताया कि रिश्वतखोरी की शिकायत के सत्यापन के बाद यह कार्रवाई की गई है. दोनों आरोपियों को भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार किया गया है तथा पूरे प्रकरण की जांच जारी है. एसीबी अब यह भी पता लगा रही है कि रिश्वत का मामला किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं और इसमें अन्य किसी व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.





