
राजनगर: सरायकेला- खरसावां जिले में अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शनिवार को राजनगर थाना क्षेत्र के तिलका मांझी चौक पर विशेष एंटी क्राइम वाहन जांच अभियान चलाया गया. अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने किया.


अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन जांच की गई. वाहन चालकों के दस्तावेजों की जांच के साथ- साथ ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से शराब पीकर वाहन चलाने वालों की भी जांच की गई. पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखते हुए आवश्यक पूछताछ भी की.
थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार पूरे थाना क्षेत्र में लगातार एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. इसका उद्देश्य अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर निगरानी और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है.

उन्होंने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना कानूनन अपराध है. नशे की हालत में वाहन चलाना स्वयं के साथ-साथ दूसरों के जीवन को भी खतरे में डालता है. सभी लोग यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा करें.
थाना प्रभारी ने अपराधियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि राजनगर थाना क्षेत्र में अवैध हथियार लेकर घूमने वाले, आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने वाले और कानून- व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले लोग तत्काल ऐसी गतिविधियां छोड़ दें. अन्यथा उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. किसी भी अपराधी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
उन्होंने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं अवैध हथियार, नशे का कारोबार, चोरी, लूट या किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल राजनगर थाना को दें. सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के साथ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल





