रांची: भाई- बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास के प्रतीक रक्षाबंधन का पर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के परिवार में भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री की बड़ी बहन अंजलि सोरेन ने उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की.


रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री की चचेरी बहनों ने भी उन्हें राखी बांधी और उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन की कामना की. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी बड़ी बहन से आशीर्वाद लिया, जबकि छोटी बहनों को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं.

मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन और श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर समस्त झारखंडवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. उन्होंने राज्यवासियों के सुख, समृद्धि, उन्नति और खुशहाल जीवन की कामना की. इस दौरान मुख्यमंत्री की माता रूपी सोरेन सहित परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे.

