
राजनगर: सरायकेला- खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत टीटीडीह पंचायत के छोटा खीरी गांव में ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में शनिवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया. जिला परिषद मद से स्वीकृत करीब 7 लाख रुपये की लागत से बनने वाली डीप बोरिंग सह जलमीनार निर्माण योजना का शिलान्यास जिला परिषद क्षेत्र संख्या-17 की सदस्य अमोदिनी महतो ने फीता काटकर और नारियल फोड़कर किया.


यह जलमीनार सानाराइज इंग्लिश स्कूल के सामने हरेकृष्णा महतो के घर के समीप बनाई जाएगी. योजना पूरी होने के बाद छोटा खीरी सहित आसपास के ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा. इससे क्षेत्र में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या से लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है.
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए जिला परिषद सदस्य अमोदिनी महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विकास उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि लोगों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाओं को चरणबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें.
उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार है और इस दिशा में जिला परिषद लगातार कार्य कर रही है. आने वाले समय में भी जनहित से जुड़ी विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा.
शिलान्यास कार्यक्रम में पंचायत के जनप्रतिनिधि, स्थानीय ग्रामीण एवं गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. ग्रामीणों ने योजना की शुरुआत पर खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण और जनोपयोगी पहल बताया. उन्होंने उम्मीद जताई कि योजना समय पर पूरी होने के बाद गांव के लोगों को पेयजल की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल





