
सरायकेला: आम उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को राजनगर बाजार में विशेष जांच अभियान चलाया. फ़ूड सेफ़्टी ऑफिसर के नेतृत्व में होटल, ढाबा, मिठाई दुकानों एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया. अचानक हुई कार्रवाई से बाजार के होटल संचालकों और दुकानदारों में हड़कंप मच गया. कई दुकानदार अपनी दुकानों की साफ-सफाई एवं खाद्य सामग्री को व्यवस्थित करने में जुट गए.


निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, रसोईघर की स्वच्छता, खाद्य सामग्री के भंडारण की व्यवस्था, एक्सपायरी डेट वाले उत्पादों तथा भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के लाइसेंस की गहन जांच की. टीम ने प्रतिष्ठानों में साफ- सफाई की स्थिति का भी जायजा लिया और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
जांच के दौरान जिन प्रतिष्ठानों में स्वच्छता संबंधी कमियां पाई गईं, उनके संचालकों को तत्काल सुधार करने की चेतावनी दी गई. अधिकारियों ने निर्देश दिया कि भोजन पूरी तरह स्वच्छ वातावरण में तैयार किया जाए, खाद्य सामग्री को ढककर रखा जाए तथा ग्राहकों को केवल सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ ही उपलब्ध कराए जाएं.

फ़ूड सेफ़्टी ऑफिसर ने कहा कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि कहीं मिलावटी, बासी अथवा अस्वच्छ खाद्य सामग्री की बिक्री की सूचना मिले तो इसकी जानकारी तत्काल खाद्य सुरक्षा विभाग को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
विभाग ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. भविष्य में भी राजनगर सहित जिले के अन्य क्षेत्रों में इसी प्रकार के औचक निरीक्षण अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि खाद्य प्रतिष्ठानों में गुणवत्ता और स्वच्छता के मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा सके.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल





