लोहरदगा: सदर थाना क्षेत्र में हिरही से जोगना तक बन रही बाईपास सड़क के निर्माण स्थल पर गुरुवार देर रात दो हथियारबंद अपराधियों ने जमकर तांडव मचाया. अपराधियों ने साइट पर तैनात गार्ड शशि भूषण लकड़ा को गोली मारकर घायल कर दिया और एक हाईवा वाहन को आग के हवाले कर दिया. घायल गार्ड का इलाज रांची रिम्स में चल रहा है.


साइट इंचार्ज के अनुसार, दो युवक छोटे हथियार लेकर निर्माण स्थल पर पहुंचे थे. अपराधियों ने हाईवा में बैठे गार्ड को पहले वाहन से नीचे उतारा और फिर उसे गोली मार दी. इसके बाद वहां मौजूद अन्य कर्मियों पर भी फायरिंग की गई, लेकिन वे किसी तरह बच निकले.
अपराधियों ने एक हाईवा में आग लगा दी, जिससे वाहन को काफी नुकसान पहुंचा. एक अन्य वाहन में भी आग लगाने की कोशिश की गई, लेकिन समय रहते आग बुझा दी गई.
घटना की सूचना मिलते ही लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने मौके से दो खोखे बरामद किए हैं. घटना के बाद निर्माण स्थल पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और अपराधियों की तलाश की जा रही है.
लोहरदगा में हिरही से जोगना तक करीब 19.5 किलोमीटर लंबी बाईपास सड़क का निर्माण चल रहा है. साइट इंचार्ज के मुताबिक घटना से पहले किसी तरह की धमकी मिलने या पर्ची दिए जाने की जानकारी नहीं है. ऐसे में हमले के पीछे अपराधियों का उद्देश्य क्या था, इसकी पुलिस जांच कर रही है.

