दुमका: JSSC और JPSC की परीक्षाओं एवं भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे देवेंद्र महतो की परीक्षा भर्ती सुधार यात्रा शुक्रवार को दुमका पहुंची. यात्रा के पांचवें दिन संताल परगना प्रमंडल पहुंचे देवेंद्र महतो और उनके साथियों का छात्र-छात्राओं ने स्वागत किया. रक्षाबंधन के अवसर पर छात्राओं ने देवेंद्र महतो और यात्रा में शामिल सदस्यों की कलाई पर राखी बांधी और मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं.


मीडिया से बातचीत में देवेंद्र महतो ने कहा कि अब तक उन्होंने जो भी आंदोलन शुरू किया, उसे अधूरा नहीं छोड़ा. उन्होंने 28 जनवरी 2024 के JSSC पेपर लीक प्रकरण का जिक्र करते हुए कहा कि आंदोलन के बाद परीक्षा रद्द हुई थी. उन्होंने दावा किया कि हाल के आंदोलन के बाद भी सरकार ने उनकी कई मांगें मानी हैं और विभिन्न परीक्षाओं को लेकर कार्रवाई हुई है.
देवेंद्र महतो ने कहा कि परीक्षा एवं भर्ती से जुड़े मामले अब न्यायालय में भी लंबित हैं. इसी कारण राज्य के सभी 24 जिलों में परीक्षा भर्ती सुधार यात्रा निकाली जा रही है. उन्होंने कहा कि भविष्य में झारखंड के युवाओं को नौकरी पैरवी, पहचान या पेपर लीक के आधार पर नहीं, बल्कि योग्यता, मेहनत और पारदर्शिता के आधार पर मिले, इसकी गारंटी होनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति, राजनीतिक दल या सरकार के समर्थन अथवा विरोध की लड़ाई नहीं है. इसका उद्देश्य भ्रष्टाचार मुक्त नया झारखंड बनाना और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के टूटते विश्वास को बचाना है. उन्होंने संताल परगना के युवाओं और आम लोगों से आंदोलन से जुड़ने की अपील की.
देवेंद्र महतो ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि 24 जिलों की यात्रा पूरी होने के बाद भी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. उन्होंने झारखंड बंद और आर्थिक नाकेबंदी जैसे कदम उठाने की बात कही. साथ ही कहा कि अब आंदोलन केवल आश्वासन नहीं, बल्कि परीक्षा और भर्ती व्यवस्था में ठोस सुधार चाहता है.

