
गम्हरिया: सरायकेला- खरसावां जिला प्रशासन की पहल पर जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ चलाए जा रहे 12 दिवसीय जनजागरूकता अभियान का शुक्रवार को गम्हरिया प्रखंड के यशपुर गांव में समापन हो गया. अभियान का संचालन संगी साथी विकास समिति, सलगाडीह (ईचागढ़) के माध्यम से किया गया.


समापन कार्यक्रम के दौरान समिति के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, नशे से दूर रहने और सुरक्षित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया. कलाकारों ने पारंपरिक लोक माध्यमों के जरिए भी लोगों को जागरूक किया और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में ग्रामीणों तक पहुंचाई.

अभियान के तहत 15 जून से 26 जून तक गम्हरिया प्रखंड की 21 पंचायतों के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में रैली, नुक्कड़ नाटक और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए. इस दौरान लोगों को हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने, शराब और अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव से बचने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया.
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई और सड़क सुरक्षा एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की. जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, नशे से दूर रहें और दूसरों को भी जागरूक कर सुरक्षित एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं.






