
जमशेदपुर: डबल डाउन बार हत्याकांड को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने झारखंड सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला है. मंगलवार को बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में विहिप के जिला अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि हिमांशु सिंह की हत्या के बाद शहरवासियों में भारी आक्रोश है और यह घटना पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करती है.


अजय गुप्ता ने आरोप लगाया कि पुलिस की मौजूदगी में हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह पर धारदार हथियार से हमला किया गया, लेकिन पुलिस प्रभावी हस्तक्षेप नहीं कर सकी. उन्होंने झारखंड सरकार से जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के खिलाफ कार्रवाई करने अथवा उनका तत्काल तबादला करने की मांग की.
विहिप ने आरोप लगाया कि शहर में चाकूबाजी, नशाखोरी और हथियारों के साथ आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जबकि पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल साबित हो रही है. संगठन ने यह भी दावा किया कि थाना स्तर पर आम लोगों को शिकायत दर्ज कराने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
विहिप नेताओं ने बताया कि संगठन का प्रतिनिधिमंडल आदित्यपुर पहुंचकर दिवंगत हिमांशु सिंह के परिजनों से मिला और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया. संगठन ने चेतावनी दी कि यदि मामले में जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक जनआंदोलन और जमशेदपुर बंद का आह्वान किया जाएगा.
प्रेस वार्ता में जिला मंत्री चंद्रिका भगत, प्रांत संस्कार केंद्र प्रमुख सबिता सिंह, जितेंद्र प्रमाणिक, प्रदीप सिंह, विवेक सिंह, ज्योत्सना सरकार, दिलीप श्रीवास्तव सहित विहिप के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे.
Edited By Sarita






