इसे अपने सभी मित्रों और परिवार के साथ साझा करें...
जमशेदपुर: डबल डाउन बार हत्याकांड को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला है. मंगलवार को साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही ने आरोप लगाया कि हिमांशु सिंह की हत्या पुलिस की मौजूदगी में हुई और इस मामले में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए.
भानु प्रताप शाही ने कहा कि जमशेदपुर में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों के मन से कानून का डर खत्म हो गया है. उन्होंने हिमांशु हत्याकांड के सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, स्पीडी ट्रायल और कठोर सजा की मांग की. साथ ही कहा कि यदि पुलिसकर्मियों की भूमिका जांच में सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए.
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15 (1)
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15
उन्होंने राज्य सरकार पर अपराध नियंत्रण में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि जमशेदपुर को औद्योगिक नगरी से अपराध नगरी बनाया जा रहा है. उन्होंने शहर में बढ़ती हत्या, लूट, चाकूबाजी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताई तथा कहा कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी.
प्रेस वार्ता में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने भी राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि लगातार बढ़ते अपराध आम लोगों में भय का माहौल पैदा कर रहे हैं. उन्होंने सरकार से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की.