इसे अपने सभी मित्रों और परिवार के साथ साझा करें...
जामताड़ा: रविवार को आउटडोर स्टेडियम में स्वर्गीय अमिताभ चौधरी की चौथी पुण्यतिथि पर जामताड़ा जिला क्रिकेट संघ और क्रिकेट खिलाड़ियों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी. इस दौरान खिलाड़ियों और संघ के पदाधिकारियों ने झारखंड क्रिकेट के विकास में उनके योगदान को याद किया.
जिला क्रिकेट संघ के सचिव योगेश कुमार सिंह ने कहा कि अमिताभ चौधरी महान व्यक्तित्व के धनी थे. उनकी सोच और काम करने का तरीका बिल्कुल अलग था. दृढ़ निश्चय के साथ उन्होंने कई ऐसे कार्यों को संभव किया, जिन्हें कभी मुश्किल माना जाता था.
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15 (1)
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15
उन्होंने बताया कि अमिताभ चौधरी ने आईआईटी खड़गपुर से इंजीनियरिंग की शिक्षा हासिल करने के बाद संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में बेहतर रैंक प्राप्त कर भारतीय पुलिस सेवा में प्रवेश किया था. हालांकि, क्रिकेट के प्रति उनका जुनून इतना गहरा था कि उन्होंने पुलिस सेवा छोड़कर झारखंड क्रिकेट के विकास के लिए खुद को समर्पित कर दिया.
योगेश कुमार सिंह ने कहा कि जेएससीए स्टेडियम अमिताभ चौधरी के क्रिकेट के प्रति समर्पण और दूरदर्शी सोच का परिणाम है. उन्होंने झारखंड क्रिकेट को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उन्होंने कहा कि झारखंड क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
मौके पर जिला क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष रविंद्र कुमार झा, उपाध्यक्ष कुणाल सिंह, विकास कुमार शर्मा, परितोष मिश्रा, नजीर अहमद सहित बड़ी संख्या में क्रिकेट खिलाड़ी मौजूद रहे.