इसे अपने सभी मित्रों और परिवार के साथ साझा करें...
जामताड़ा: पुलिस को राज्य सरकार की ओर से रविवार को 14 नए चारपहिया वाहनों की सौगात मिली. पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह, वन प्रमंडल पदाधिकारी राहुल कुमार समेत अन्य वरीय पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर सभी वाहनों को रवाना किया.
नए वाहनों के पुलिस बेड़े में शामिल होने से जिले में पुलिस की गश्ती और त्वरित कार्रवाई की क्षमता बढ़ने की उम्मीद है. उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि नए वाहनों के शामिल होने से जिले की पुलिसिंग व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी. इसका लाभ केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सुदूर ग्रामीण इलाकों में भी पुलिस की पहुंच और त्वरित सेवा बेहतर होगी. बेहतर संसाधनों से पुलिस को जरूरत के समय घटनास्थल तक तेजी से पहुंचने में मदद मिलेगी.
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15 (1)
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15
पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने कहा कि नए वाहनों से पुलिस का रिस्पांस टाइम कम होगा. अपराध नियंत्रण, नियमित गश्ती और आम लोगों की सुरक्षा व्यवस्था को इससे और मजबूती मिलेगी. आधुनिक संसाधनों की उपलब्धता से पुलिस बल का मनोबल भी बढ़ता है. एसपी ने वाहनों की उपलब्धता के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त किया.
इस वित्तीय वर्ष में पुलिस बेड़े को मिली बड़ी मजबूती
पुलिस विभाग के अनुसार, इस वित्तीय वर्ष में अब तक जामताड़ा पुलिस को 28 डायल बोलेरो वाहन और 40 अपाची बाइक प्राप्त हो चुकी हैं. लगातार नए वाहनों की उपलब्धता से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गश्ती व्यवस्था को मजबूत करने और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी. कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, एसडीपीओ जामताड़ा, सार्जेंट मेजर समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान मौजूद रहे.