
जामताड़ा: जिला में झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के बैनर तले अनुबंध एवं आउटसोर्सिंग स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी 14 सूत्री मांगों को लेकर शुक्रवार को सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना- प्रदर्शन किया. इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने सरकार से लंबित मांगों का जल्द समाधान करने की मांग उठाई और चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा.


धरना- प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष नवल सिंह ने किया. कार्यक्रम में संघ के राज्य अध्यक्ष अरविंद प्रसाद, बैजू झा, मनोज कुमार, पंकज मंडल, अनिल सिंह, बबीता साहा, झूमा गण, खुशबू गुप्ता, राहुल तिवारी समेत बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मी शामिल हुए.
प्रदर्शनकारियों ने समय पर वेतन भुगतान, सेवा सुरक्षा, लंबित समस्याओं के समाधान तथा एएनएम-जीएनएम संघ की जिला अध्यक्ष रेखा कुमारी के निधन से जुड़े मामलों सहित अपनी 14 सूत्री मांगों को प्रमुखता से रखा. उन्होंने कहा कि लंबे समय से मांगें लंबित रहने के कारण स्वास्थ्य कर्मियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है.
संघ के राज्य अध्यक्ष अरविंद प्रसाद ने कहा कि यह आंदोलन केवल जामताड़ा तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे झारखंड के अनुबंध और आउटसोर्सिंग स्वास्थ्य कर्मियों के अधिकारों की लड़ाई है. उन्होंने सरकार से शीघ्र सकारात्मक पहल करने की मांग करते हुए कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को अनिश्चितकालीन धरना तक विस्तारित किया जाएगा.
धरना के कारण आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर स्वास्थ्य विभाग के कई नियमित कार्य प्रभावित रहे. प्रदर्शनकारियों ने सरकार से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र समाधान निकालने की अपील की.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल


