
चांडिल: थाना क्षेत्र के सालगाडीह गांव में महुआ शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी.


पुलिस के अनुसार, चांडिल थाना कांड संख्या 87/2026, दिनांक 17 जून 2026 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत दर्ज मामले के प्राथमिकी अभियुक्त मनोज कुमार मंडल (31 वर्ष), पिता रमण मंडल, निवासी हमसादा टोला, खोखरोडीह, थाना चांडिल को गिरफ्तार किया गया है.
गौरतलब है कि सालगाडीह गांव निवासी छूटू लोहार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों ने मनोज कुमार मंडल पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया था. घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसके बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया.
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय, चांडिल में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में मंडल कारा, सरायकेला भेज दिया गया. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर


