
जमशेदपुर: ओलीडीह पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने ओपी क्षेत्र के डिमना चौक के पास एक युवक को देशी पिस्तौल और जिंदा गोली के साथ दबोचा. पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर हथियार उपलब्ध कराने वाले दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया.


पुलिस के अनुसार, 18 जून 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक नीले रंग की मोटरसाइकिल पर अवैध हथियार लेकर घूम रहा है और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक पटमदा दयानंद कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया.
छापेमारी के दौरान डिमना चौक के समीप संदिग्ध युवक को रोका गया. तलाशी लेने पर उसके पास से 7.65 एमएम का एक देशी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ. पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने यह हथियार अपने साथी अभिषेक दास से 30 हजार रुपये में खरीदा था.
आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हथियार सप्लायर अभिषेक दास को भी गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक कुमार उर्फ एसआरके (26 वर्ष), निवासी आस्था वैली, तामोलिया, कपाली ओपी क्षेत्र, सरायकेला-खरसावां तथा अभिषेक दास (25 वर्ष), निवासी शंकोसाई रोड नंबर-4, उलीडीह ओपी क्षेत्र, पूर्वी सिंहभूम के रूप में हुई है.
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7.65 एमएम का एक देशी पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस तथा आर-15 मोटरसाइकिल (JH05CN3828) भी जब्त की है. दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
इस छापेमारी अभियान का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक पटमदा दयानंद कुमार ने किया. अभियान में उलीडीह ओपी प्रभारी मो. शारिक अली सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक


