जामताड़ा: जिले में तेज रफ्तार वाहनों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. सोमवार को पश्चिम बंगाल से बिहार जा रही मछली लदी तीन पिकअप वैन स्थानीय लोगों के निशाने पर आ गईं. आरोप है कि तेज गति से दौड़ रही इन वाहनों ने गोरेनाला गांव के पास कुछ युवकों को चोटिल कर दिया, जिसके बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा.


जानकारी के अनुसार WB 37E 7377, WB 37K 5989 और WB 37E 7513 नंबर की मछली लदी पिकअप वैन आसनसोल से बिहार की ओर जा रही थीं. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भागने लगे, लेकिन स्थानीय लोगों ने उनका पीछा शुरू कर दिया.

पीछा करते हुए लोगों ने कोर्ट रोड, जामताड़ा में तीनों वाहनों को रोक लिया. घटना के बाद मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही. लोगों का आरोप है कि जामताड़ा कोर्ट रोड और रिहायशी इलाकों से रोजाना भारी वाहन तेज रफ्तार में गुजरते हैं, जिससे आम लोगों की जान खतरे में रहती है.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरस्पीड वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाए और रिहायशी क्षेत्रों में गति नियंत्रण के प्रभावी उपाय किए जाएं. लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है. हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची थी.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

