
सरायकेला: जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के सालगाडीह गांव में महुआ शराब पीने के दौरान हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली. मृतक की पहचान सालगाडीह निवासी छूटू लोहार के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है.


जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम छूटू लोहार भादुडीह निवासी मानिक मंडल के घर गया था. बताया जा रहा है कि दोनों महुआ शराब का सेवन कर रहे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा.
परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मानिक मंडल ने पहले छूटू पर गर्म पानी फेंका और फिर पत्थर एवं लाठी-डंडे से हमला कर दिया. हमले में गंभीर रूप से घायल छूटू को तत्काल इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद आरोपी मानिक मंडल फरार बताया जा रहा है. सूचना मिलने पर चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर


