चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड स्थित कुकड़ू गांव में उस समय ग्रामीणों के बीच दहशत फैल गई, जब एक खेत में करीब 6 फीट लंबा अजगर सांप दिखाई दिया. अजगर को देखकर आसपास के लोग सहम गए और इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई.


जानकारी के अनुसार, यह अजगर खेत मालिक भुवनेश्वर कुमार के खेत में देखा गया था. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हुई और हाथी मित्र कैलाश चंद्र महतो तथा तापस कर्मकार के साथ मौके पर पहुंची.
वन विभाग की टीम ने पूरी सावधानी और सतर्कता के साथ अजगर का सफल रेस्क्यू किया. रेस्क्यू अभियान के दौरान ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई, लेकिन टीम ने बिना किसी नुकसान के सांप को सुरक्षित कब्जे में ले लिया.
इसके बाद अजगर को उसके प्राकृतिक आवास में वापस छोड़ने के लिए डाटम जंगल ले जाया गया, जहां उसे सुरक्षित मुक्त कर दिया गया. वन विभाग ने बताया कि अजगर एक संरक्षित वन्यजीव है और पारिस्थितिकी तंत्र के संतुलन में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है.
वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी जंगली जीव या सांप के दिखाई देने पर घबराने या उसे मारने का प्रयास न करें. ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित टीम द्वारा सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके. सफल रेस्क्यू अभियान के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग और हाथी मित्रों की तत्परता की सराहना करते हुए उनका आभार जताया.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर

