
जामताड़ा: आर्ट ऑफ लिविंग जामताड़ा इकाई के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय ‘मीडिया स्पेशल हैप्पीनेस कोर्स’ का सकारात्मक और उत्साहपूर्ण माहौल में शनिवार को समापन हो गया. यह विशेष प्रशिक्षण शिविर स्थानीय सेंट एंथोनी स्कूल में आयोजित किया गया था, जिसमें जिले के लगभग एक दर्जन पत्रकारों ने भाग लिया.


आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक एवं विश्व प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर के मार्गदर्शन में तैयार यह विशेष कोर्स मीडिया कर्मियों की व्यस्त, चुनौतीपूर्ण और तनावपूर्ण कार्यशैली को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है. कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को तनाव प्रबंधन, मानसिक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली से जुड़ी विभिन्न तकनीकों की जानकारी दी गई.
कोर्स में शामिल पत्रकारों ने अपनी व्यस्त दिनचर्या से समय निकालकर आर्ट ऑफ लिविंग की प्रसिद्ध ‘सुदर्शन क्रिया’ का अभ्यास सीखा. प्रतिभागियों ने बताया कि इस अभ्यास से उन्हें मानसिक शांति, आत्मविश्वास और नई ऊर्जा का अनुभव हुआ.
कार्यक्रम का संचालन रांची से आईं आर्ट ऑफ लिविंग की वरिष्ठ प्रशिक्षिका डॉ. संध्या सिन्हा ने किया. उनके मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने ध्यान, श्वास तकनीक और तनाव मुक्ति के विभिन्न उपायों का अभ्यास किया.
इस आयोजन को आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर के ब्यूरो ऑफ कम्युनिकेशन की सृष्टि तोमर, झारखंड स्टेट मीडिया कोऑर्डिनेटर अजय मुखर्जी तथा जिला मीडिया कोऑर्डिनेटर विजय भगत के सहयोग से सफलतापूर्वक आयोजित किया गया. कार्यक्रम को सफल बनाने में रीना द्विवेदी, इंदु प्रभा, विद्यालय के निदेशक डीडी भंडारी, श्रीकांत प्रसाद और अंजु भगत की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही.
समापन अवसर पर प्रतिभागी पत्रकारों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सुदर्शन क्रिया और ध्यान के अभ्यास से उन्हें कार्यक्षेत्र के तनाव से निपटने में मदद मिलेगी. उन्होंने इस पहल को पत्रकारों के मानसिक स्वास्थ्य और व्यक्तिगत विकास के लिए उपयोगी बताया.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल


