सरायकेला- खरसावां: जिले में शुक्रवार को उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया. जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं, शिकायतों और मांगों से संबंधित आवेदन उपायुक्त को सौंपे.


जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने एक-एक फरियादी से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों पर आवश्यक निर्देश दिए. कई मामलों का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया गया, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
जनता दरबार में चांडिल प्रखंड के हमसदा क्षेत्र में सेविका चयन विवाद, अनुकंपा नियुक्ति से जुड़े मामले, निर्धारित मजदूरी दर से कम भुगतान की शिकायत, आदित्यपुर क्षेत्र में भूमि विवाद, अतिक्रमण हटाने की मांग, पेयजल समस्या, पीसीसी सड़क निर्माण तथा जर्जर सड़कों की मरम्मत से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए. इसके अलावा स्वास्थ्य, शिक्षा, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और अन्य जनहित से जुड़े मुद्दे भी लोगों ने उपायुक्त के समक्ष रखे.
उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम है. जिला प्रशासन लोगों की शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध निष्पादन के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके.
Edited By Sarita Mahato

