जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र के रामजनम नगर में हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं.


सिटी एसपी ललित मीणा ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 10 जून को रामजनम नगर निवासी ऋषि नाग ने कदमा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया था कि आयु कर्मकार और उसके साथियों ने उनके साथ मारपीट की तथा जान से मारने की नीयत से फायरिंग की.
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच एवं छापेमारी टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आयु कर्मकार (20) और राजेश लोहार (35) को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. उनकी निशानदेही पर आयु कर्मकार के पास से एक देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया, जबकि राजेश लोहार के पास से तीन जिंदा कारतूस मिले. इसके अलावा घटनास्थल से दो फायर किए गए खोखे भी जब्त किए गए हैं.
जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपियों और शिकायतकर्ता पक्ष के बीच पहले से विवाद चल रहा था. इसी पुरानी रंजिश के कारण आरोपियों ने बदला लेने की नीयत से फायरिंग की घटना को अंजाम दिया. मामले में शामिल विशाल कर्मकार और सुमन लोहार उर्फ हीराम लोहार को भी गिरफ्तार कर लिया गया है.
सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राजेश लोहार का आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ आदित्यपुर और कदमा थाना में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

