सरायकेला-खरसावां: जिले के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में बढ़ती यातायात और पार्किंग समस्या को लेकर शुक्रवार को आदित्यपुर निवासी एवं पर्यावरणविद् अभियंता अमरेश कुमार ने उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में नगर निगम क्षेत्र में व्यवस्थित सार्वजनिक पार्किंग व्यवस्था लागू करने की मांग की गई है.

ज्ञापन में कहा गया है कि नगर निगम और प्रशासन द्वारा मुख्य एवं सर्विस लेन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है, जिससे यातायात व्यवस्था में सुधार आया है. हालांकि इसके बावजूद लोगों को अपने वाहनों की पार्किंग को लेकर गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में सार्वजनिक पार्किंग स्थलों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग मजबूरी में सड़क किनारे वाहन खड़े कर रहे हैं.
अमरेश कुमार ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि आदित्यपुर क्षेत्र में जनसंख्या और वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन उसी अनुपात में पार्किंग सुविधाओं का विकास नहीं हो पाया है. साथ ही क्षेत्र में बने कई बड़े व्यावसायिक एवं आवासीय भवनों में भी पर्याप्त पार्किंग सुविधा उपलब्ध नहीं है.
ज्ञापन में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का भी हवाला दिया गया है. इसमें कहा गया है कि शहरी क्षेत्रों में सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था, प्रदूषण, अपराध और अव्यवस्था को कम करने में सहायक होती है तथा नागरिकों के सम्मानजनक जीवन के अधिकार से भी जुड़ी हुई है.
पर्यावरणविद् अभियंता अमरेश कुमार ने प्रशासन से मांग की है कि आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में सार्वजनिक पार्किंग स्थलों की पहचान कर उन्हें विकसित किया जाए. साथ ही बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं भवनों में अनिवार्य रूप से पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए सख्त निर्देश जारी किए जाएं.
उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर शीघ्र संज्ञान लेकर आम नागरिकों को राहत देने की दिशा में ठोस कदम उठाएगा.



