सरायकेला: देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने तिरंगा फहराकर राष्ट्रध्वज को सलामी दी. इस दौरान जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो सहित अन्य जनप्रतिनिधि और कर्मी मौजूद रहे.


ध्वजारोहण के बाद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को नमन किया. उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने की प्रेरणा देता है.
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों का दायित्व है कि वे मिलकर क्षेत्र के विकास को नई गति दें और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाएं.
कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का माहौल बना रहा. उपस्थित लोगों ने राष्ट्र के प्रति समर्पण और सेवा का संकल्प लिया.
जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की प्रगति में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है. उन्होंने वीर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया.
प्रमोद सिंह (संपादक)

