सरायकेला: नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 5 स्थित गुड़ियाडी टोला में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट गंभीर रूप से गहरा गया है. पिछले कई दिनों से इलाके की जल मीनार खराब पड़ी हुई है. वहीं मोहल्ले में लगे हैंडपंप भी खराब होने के कारण स्थानीय लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. तेज धूप और लगातार बढ़ते तापमान के बीच लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है. सुबह से लेकर देर शाम तक महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे पानी की तलाश में परेशान नजर आ रहे थे.

स्थिति की जानकारी मिलते ही नगर पंचायत के उपाध्यक्ष अविनाश कवि और वार्ड पार्षद गौतम नायक मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. लोगों की परेशानी को देखते हुए तत्काल टैंकर के माध्यम से पेयजल आपूर्ति शुरू कराई गई. इसके बाद अब नगर पंचायत की ओर से प्रतिदिन सुबह और शाम दो समय टैंकर से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है ताकि किसी भी परिवार को पानी की समस्या का सामना न करना पड़े.
स्थानीय लोगों ने बताया कि भीषण गर्मी में पानी की किल्लत ने हालात और अधिक खराब कर दिए थे. कई घरों में पीने के लिए भी पानी उपलब्ध नहीं था. ऐसे समय में टैंकर से पानी की व्यवस्था शुरू होने पर लोगों ने राहत की सांस ली है.
नगर पंचायत के उपाध्यक्ष अविनाश कवि ने बताया कि नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी के प्रयास से खराब जल मीनार को जल्द दुरुस्त कराने की प्रक्रिया चल रही है. साथ ही क्षेत्र में एक नए हैंडपंप की आवश्यकता को देखते हुए उसे स्थापित करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है. उन्होंने कहा कि नगर पंचायत जनता की मूलभूत सुविधाओं को लेकर पूरी तरह गंभीर है और स्थायी समाधान होने तक नियमित रूप से टैंकर से जलापूर्ति जारी रहेगी.
उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में पानी सबसे बड़ी आवश्यकता है और नगर पंचायत किसी भी स्थिति में लोगों को जल संकट से जूझने नहीं देगी. प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है ताकि जल्द से जल्द क्षेत्र में स्थायी पेयजल व्यवस्था बहाल की जा सके.
वहीं वार्ड पार्षद गौतम नायक ने कहा कि जनता की समस्या उनकी प्राथमिकता है और गुड़ियाडी टोला में स्थायी जलापूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं ताकि भविष्य में लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.



