जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित जुबली पार्क गोलचक्कर के पास बुधवार सुबह करीब 9 बजे दो कारों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद एक कार करीब 500 मीटर तक घिसटती चली गई. दुर्घटना के दौरान दोनों कारों के एयरबैग खुल जाने से बड़ा हादसा टल गया और वाहन सवार लोगों की जान बच गई.
हादसे में शामिल वाहनों में एक किया कार और दूसरी मारुति सुजुकी ब्रेजा संख्या JH05DH- 4339 शामिल है. दुर्घटना में दोनों कारों में सवार कई लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.
घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है.



