जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत केबुल बस्ती में आयोजित लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के दौरान एक महिला के गले से सोने का चेन गायब होने की घटना से हड़कंप मच गया. धार्मिक आयोजन में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

जानकारी के अनुसार, केबुल टाउन निवासी इंदु सिंह रविवार सुबह महायज्ञ स्थल पर पूजा- अर्चना के लिए पहुंची थीं. वह यज्ञशाला का फेरा लगा रही थीं, तभी भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने उनके गले से करीब दो तोला सोने का चेन उड़ा लिया. महिला को इसकी भनक तब लगी जब उन्होंने अपने गले को खाली पाया.
घटना के बाद मौके पर अफरा- तफरी का माहौल बन गया. महिला ने तत्काल इसकी जानकारी आयोजन समिति और स्थानीय पुलिस को दी. बताया जा रहा है कि महायज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुट रहे हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था उतनी मजबूत नहीं दिखी, जिससे इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया. इस घटना के बाद आयोजकों की सुरक्षा तैयारियों पर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले ऐसे आयोजनों में पर्याप्त निगरानी और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती जरूरी है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में पूजा कर सकें. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके.

